गुरुग्राम में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ एमसीजी का व्यापक अभियान, कई क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कादरपुर में 1.5 एकड़ एमसीजी भूमि से करीब 200 कमरे हटाए, सदर बाजार सहित प्रमुख मार्गों पर 89 अवैध/अस्थायी ढांचे ध्वस्त, सेक्टर-68, बसई और सेक्टर-71 में भी कार्रवाई

गुरुग्राम, 12 अगस्त। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए बुधवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में व्यापक एंटी-एन्क्रोचमेंट एवं डिमोलिशन ड्राइव चलाया गया। दिनभर चले अभियान में नगर निगम की टीमों ने सरकारी एवं निगम भूमि पर किए गए अनाधिकृत कब्जों, अवैध निर्माणों, रैंप, चबूतरों, टीन शेड, रेहड़ी-पटरी, खोखों, काउंटरों तथा अस्थायी ढांचों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के तहत कादरपुर गांव, सेक्टर-68, गांव बसई, सेक्टर-71, सदर बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई।

कादरपुर में 3 एकड़ एमसीजी भूमि अतिक्रमण मुक्त

गांव कादरपुर में नगर निगम की लगभग 3 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मौके पर बने लगभग 200 कमरों को ध्वस्त कर निगम की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। एमसीजी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अनाधिकृत कब्जों को हटाया। नगर निगम का उद्देश्य निगम की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना है।

अनाधिकृत निर्माणों को किया ध्वस्त

सेक्टर-68, गांव बसई और सेक्टर-71 में नगर निगम गुरुग्राम की टीमों ने अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। सेक्टर-71 में नगर निगम की टीम ने एक बड़े अवैध अनाधिकृत निर्माण को तोड़ा। नगर निगम ने कहा कि स्वीकृत नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

सदर बाजार में व्यापक एंटी-एन्क्रोचमेंट ड्राइव

शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र सदर बाजार में भी नगर निगम ने व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। सड़क, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाते हुए नागरिकों की आवाजाही के लिए रास्तों को बाधामुक्त कराया गया। टीम ने रैंप, टीनशेड, सीढ़ियों सहित अन्य प्रकार के अतिक्रमण को हटाया।

विभिन्न सड़कों को किया अतिक्रमण मुक्त, रेहड़ी, पटरी, काउंटर, खोखे हटाए

आज के प्रमुख अभियान के दौरान बाटा चौक से रेजांगला चौक, चिंतपूर्णी मंदिर से रेलवे स्टेशन, 4/7 चौक से ईएसआई अस्पताल तक भी कार्रवाई की गई। टीमों ने 48 रेहड़ी, काउंटर एवं खोखे ध्वस्त किए गए। इसके साथ ही स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा बनाए गए 41 अस्थायी ढांचों को भी हटाया गया। इस प्रकार इन प्रमुख मार्गों पर कुल 89 अवैध/अस्थायी संरचनाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में 5 रेहड़ियां भी जब्त की गईं। नगर निगम की टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर अनाधिकृत रूप से कारोबार करने और रास्तों में बाधा पैदा करने वाले ढांचों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

सार्वजनिक रास्तों और नागरिक सुविधा को प्राथमिकता

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई कम होने, यातायात बाधित होने और पैदल यात्रियों को परेशानी होने की स्थिति उत्पन्न होती है। इसलिए अभियान में सड़कों, फुटपाथों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त कराने पर विशेष जोर दिया गया। एमसीजी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं है। निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण की पहचान कर नियमानुसार लगातार कार्रवाई करेंगी। नगर निगम का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी एवं निगम भूमि पर अनधिकृत कब्जा, सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण तथा अवैध निर्माण किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!