प्रत्येक दावे एवं आपत्ति का निर्धारित समयसीमा में करें निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निपटारा : डीसी
बीएलओ स्तर पर प्राप्त आवेदनों की नियमित निगरानी करें अधिकारी, पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करें
गुरुग्राम, 10 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूचियों के नोटिस चरण तथा दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा को लेकर डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार नोटिस जारी करने, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों, उनके सत्यापन तथा निस्तारण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिलावार एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा कर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारयों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर-2026 की पूरी प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार निर्णय लिया जाए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे और अपात्र नामों को नियमों के तहत हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक एसआईआर कार्य की नियमित समीक्षा करें। बीएलओ द्वारा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की जानकारी को समय पर संबंधित स्तर पर उपलब्ध करवाया जाए तथा सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि जहां किसी प्रकरण में अतिरिक्त दस्तावेज या सत्यापन की आवश्यकता हो, वहां नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित नागरिक को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसके पुनरीक्षण कार्य में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि बीएलओ अपने क्षेत्र में नागरिकों के साथ समन्वय बनाए रखें और उन्हें दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में उचित जानकारी दें। साथ ही, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित मामलों का भी नियमों के अनुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची समय समय पर राजनैतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, इस पूरी प्रकिया में बीएलए 1 तथा बीएलए 2 की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
डीसी ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, नवीनतम एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक दिशा-निर्देश की अनुपालना सुनिश्चित करें।
बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








