हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय में लगी विशेष प्रदर्शनी, देशभक्ति के रंग में रंगा परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई है विशेष प्रदर्शनी

तिरंगे के गौरव, इतिहास और मर्यादा से जुड़ी रोचक जानकारियां प्रदर्शनी में प्रदर्शित

सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र, आमजन बढ़-चढ़कर ले रहे भाग

गुरुग्राम, 10 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज लघु सचिवालय में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरव, इतिहास, महत्व और उसके सम्मान एवं मर्यादा से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना है। प्रदर्शनी में आमजन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तिरंगे के प्रति अपने सम्मान और देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।

एडीसी सोनू भट्ट जोकि जिला में इस अभियान के नोडल अधिकारी भी है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी नागरिकों, विशेषकर युवाओं को तिरंगे के इतिहास और उसके महत्व से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रदर्शनी में तिरंगे से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों, राष्ट्रीय ध्वज संहिता, तिरंगे की यात्रा तथा देश की गौरवपूर्ण विरासत को दर्शाया गया है।

सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र

लघु सचिवालय परिसर में बनाया गया विशेष सेल्फी प्वाइंट प्रदर्शनी में आने वाले नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अधिकारी, कर्मचारी और आमजन तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति अपना उत्साह प्रदर्शित कर रहे हैं। सेल्फी प्वाइंट पर नागरिकों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान की साइट पर करें अपलोड

एडीसी ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान की साइट https://harghartiranga.com पर अपलोड करें तथा सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga2026 के साथ अपनी भागीदारी साझा करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्र के प्रति हमारी एकजुटता, गौरव और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है। प्रदर्शनी में भी नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सहभागी बनने का संदेश दिया गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!