खेल नीति, खिलाड़ियों की सुरक्षा और हरियाणा कौशल रोजगार निगम को लेकर सैनी सरकार पर साधा निशाना, 19 अगस्त को एचकेआरएन मुख्यालय पर धरने का ऐलान

चंडीगढ़, 5 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को खेल, खिलाड़ियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आयोजित पत्रकार वार्ता में हरियाणा की सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की महज 2 प्रतिशत आबादी वाला हरियाणा सबसे अधिक पदक देश की झोली में डाल रहा है, ऐसे में वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों की सह-मेजबानी हरियाणा को भी मिलनी चाहिए। साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को युवाओं के शोषण का माध्यम बताते हुए 19 अगस्त को निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की।
पत्रकार वार्ता में कुरुक्षेत्र से विधायक अशोक अरोड़ा, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद, वरिष्ठ विधायक बीबी बत्रा, विधायक बलवान दौलतपुरिया तथा नरेश शैलवाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
हुड्डा सरकार की खेल नीति का किया उल्लेख
विधायक अशोक अरोड़ा ने कॉमनवेल्थ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी देश को लगातार गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की खेल नीति के कारण हरियाणा के खिलाड़ियों ने पूर्व कॉमनवेल्थ खेलों में भारत के 101 पदकों में से 38 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में विफल रही है तथा स्टेडियमों में खिलाड़ियों की मौत जैसी घटनाएं सरकार के दावों की पोल खोलती हैं।
अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों की सह-मेजबानी हरियाणा को दी जानी चाहिए, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल अधोसंरचना को और मजबूती मिले।
एचकेआरएन युवाओं का शोषण कर रहा : कांग्रेस

अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम प्रदेश के युवाओं का शोषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण अपराध और नशाखोरी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उनका आरोप था कि निगम कमीशन आधारित व्यवस्था पर काम कर रहा है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस 19 अगस्त को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी और विधानसभा से लेकर सड़क तक युवाओं की आवाज उठाएगी।
हरियाणा को मिले 2030 कॉमनवेल्थ की मेजबानी
विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद ने कहा कि देश में सबसे अधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतते हैं, फिर भी वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी केवल गुजरात को दिए जाने का औचित्य समझ से परे है। उन्होंने मांग की कि हरियाणा को भी सह-मेजबान बनाया जाए ताकि प्रदेश में खेलों को और अधिक बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के कॉमनवेल्थ खेलों में भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जो कुल स्वर्ण पदकों का 50 प्रतिशत से अधिक है। यह प्रदेश की खेल प्रतिभा और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।
ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रहा एचकेआरएन : बीबी बत्रा
रोहतक से विधायक बीबी बत्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय खेलों को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीतियां बनाई गई थीं, जिनका परिणाम आज भी हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम कानून और मेरिट दोनों के खिलाफ काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सीईटी और एचटेट जैसी परीक्षाएं पास करने वाले योग्य युवाओं को नियमित रोजगार देने के बजाय उन्हें ठेका प्रथा में उलझाया जा रहा है। उनके अनुसार एचकेआरएन पढ़े-लिखे युवाओं के शोषण का माध्यम बन गया है और समान अवसर के संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत कार्य कर रहा है।








