दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन सैनी, पत्रकारों को दी दीपावली, भाई दूज और छठ पर्व की शुभकामनाएं।
लाडवा, प्रमोद कौशिक 4 नवंबर : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने बुधवार को लाडवा के एक निजी पैलेस में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पत्रकार, छायाकार एवं उनके परिवारों को दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार केवल व्यक्तिगत खुशियों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि ये समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है। ऐसे आयोजन आपसी संवाद, आत्मीयता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने अपने गठन के 60 गौरवशाली वर्ष पूरे किए हैं। एक नवंबर 1966 को हरियाणा ने अपनी अलग पहचान के साथ विकास की यात्रा शुरू की थी। छह दशकों की इस यात्रा में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए मेहनत, संकल्प और दूरदर्शिता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश की हीरक जयंती हमें अपनी साझा विरासत पर गर्व करने और आने वाली पीढय़िों के लिए बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करती है। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाता है तथा सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनता है। हरियाणा के गठन से लेकर आज तक पत्रकारों ने प्रदेश के बदलते स्वरूप, विकास कार्यों और उपलब्धियों को अपनी खबरों एवं लेखनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों के कारण सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है, लेकिन इसके साथ ही तथ्यों के सत्यापन, निष्पक्षता और विश्वसनीयता की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। एक गलत सूचना समाज में भ्रम पैदा कर सकती है, जबकि सही और संतुलित खबर लोगों को जागरूक बनाती है। इसलिए पत्रकारिता में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और विश्वसनीयता का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का निरंतर प्रयास है कि शासन व्यवस्था जनता के प्रति जवाबदेह, संवेदनशील और पारदर्शी बने। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, युवाओं को आगे बढऩे के अवसर मिलें, किसानों को सम्मान और सुरक्षा मिले तथा महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़े। इन लक्ष्यों को प्राप्त करने में मीडिया का रचनात्मक सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। जनहित के मुद्दों को सामने लाना और सरकार को सकारात्मक सुझाव देना लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है। उन्होंने पत्रकारों और छायाकारों से आपसी संवाद और सहयोग को मजबूत बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकारों की राय, अनुभव और सुझाव समाज तथा प्रदेश के विकास के लिए मूल्यवान हैं। हरियाणा की विकास यात्रा को और गति देने के लिए सरकार, प्रशासन, मीडिया और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप विकसित हरियाणा के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ उन क्षेत्रों में भी बेहतर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए, जहां लोगों की अपेक्षाएं अभी पूरी होनी बाकी हैं। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी पत्रकारों का स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी को दीपावली और अन्य पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के जीवन में खुशियों और समृद्धि का प्रकाश बना रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह, एआईपीआरओ केदारनाथ शर्मा, लेखाकार संजीव सैनी, मंडल अध्यक्ष शिव कुमार, नरेंद्र दबखेड़ा, अमरेंद्र सिंह, विकास शर्मा सहित भारी पत्रकार एवं छायाकार साथी मौजूद थे।








