थाईलैंड में आयोजित एशिया पैसिफिक मोटरस्पोर्ट चैंपियनशिप में अपिलुक लोटागा को हराया

चंडीगढ़, 4 नवंबर – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को अपने चैंबर में मोटरस्पोर्ट्स खिलाड़ी प्रतीक दलाल को सम्मानित किया। प्रतीक ने एशिया पैसिफिक मोटरस्पोर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता आयोजन गत 23 से 25 अक्तूबर तक थाईलैंड के पटाया शहर में हुआ था। हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी प्रतीक दलाल ने 53.409 सेकंड का समय लेकर थाईलैंड के अपिलुक लोटागा (53.765 सेकंड) को 0.356 सेकंड के अंतर से हराया। प्रतियोगिता का आयोजन एफआईए के तत्वावधान में रॉयल ऑटोमोबाइल एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड की ओर से किया गया। इसमें 16 देशों के 36 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रतीक दलाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, कौशल, साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए एशिया पैसिफिक मोटरस्पोर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मोटरस्पोर्ट्स जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना खिलाड़ी के अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम का प्रमाण है। प्रतीक ने बेहद मामूली अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़कर यह साबित किया है कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आत्मविश्वास, एकाग्रता और अंतिम क्षण तक बेहतर प्रदर्शन करने का जज्बा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की भूमि के रूप में रही है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब मोटरस्पोर्ट्स जैसे अपेक्षाकृत अलग और चुनौतीपूर्ण खेलों में भी हरियाणा के युवा अपनी पहचान बना रहे हैं, जो प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के विविध आयामों को दर्शाता है। प्रतीक दलाल की यह उपलब्धि युवाओं को नए खेलों में आगे बढ़ने और अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करेगी।
विधान सभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतीक दलाल भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं देश में मोटरस्पोर्ट्स को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ इस खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
प्रतीक ने बीटेक किया है और फिलहाल वे अपना बिजनेस करते हैं। उन्होंने अपने खेल की शुरुआत वर्ष 2010 में कोयंबटूर में आयोजित वोक्सवैगन पोलो कप इंडिया से की थी। इस अवसर पर प्रतीक के पिता कुलदीप सिंह दलाल, उनके ससुर इकबाल सिंह जून भी मौजूद रहे।








