विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के दूसरे चरण का कार्य जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

42.69 लाख से अधिक नोटिस तैयार  : बी.एल.ओ. के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को दिए जा रहे नोटिस

चंडीगढ़, 5 अगस्त- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इस अभियान के तहत सत्यापन से शेष (Unmapped) मतदाताओं व विभिन्न प्रकार की विसंगतियों से संबंधित मामलों में मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक कुल 44,86,035 नोटिस जनरेट किए जाने थे जिनमें से अब तक 42,69,239 नोटिस तैयार किए जा चुके हैं। संबंधित मतदाताओं को ये नोटिस बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से भेजे जा रहे हैं तथा शेष मामलों में भी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। वहीं, 5 अगस्त 2026 तक फॉर्म-6 के 8,942, फॉर्म-7 के 194 तथा फॉर्म-8 के 8,294 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन, प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण, दावों और आपत्तियों का निस्तारण सहित विभिन्न निर्वाचन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान कार्य की व्यापकता और महत्व को देखते हुए प्रत्येक बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को उनके वार्षिक मानदेय के अतिरिक्त 6,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय भी दिया जाएगा ।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं, यदि मतदाता विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो फॉर्म-8 भरकर 30 अगस्त 2026 तक संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) अथवा अपने बीएलओ के पास जमा कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप से शामिल किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें