30 जुलाई से 3 अगस्त तक पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बैठकें; बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को धार देने पर रहेगा फोकस
चंडीगढ़, 29 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा हरियाणा के लिए नियुक्त प्रभारी संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 30 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के पांच जिलों के व्यापक संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के पूर्व प्रत्याशियों, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों, विभागों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा करेंगे।
संजय दत्त ने बताया कि संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान के पहले चरण में पांच जिलों का दौरा सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण में पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों का दौरा किया जाएगा। इसके साथ ही 3 अगस्त तक हरियाणा के कुल 10 जिलों का संगठनात्मक दौरा पूरा हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस चरण में फरीदाबाद जिले की फरीदाबाद, पृथला, बड़खल, तिगांव, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद एनआईटी, पलवल जिले की होडल, हथीन और पलवल, नूंह जिले की नूंह, पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका, रेवाड़ी जिले की रेवाड़ी, कोसली और बावल तथा गुरुग्राम जिले की गुरुग्राम, बादशाहपुर, सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।
संजय दत्त ने कहा कि इसके बाद प्रदेश के शेष जिलों का दौरा भी शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और आगामी राजनीतिक अभियानों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों की बदहाली, युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते नशे जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल प्रचार और दावों में व्यस्त है। कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच उठाएगी और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर जनआवाज़ को और मजबूत करेगी।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। रोजगार, महंगाई पर नियंत्रण, किसानों की आय दोगुनी करने, भ्रष्टाचार समाप्त करने और सुशासन देने के दावे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता भाजपा से उसके वादों का हिसाब मांगे और हरियाणा में जवाबदेह, संवेदनशील एवं जनहितैषी शासन के लिए कांग्रेस का साथ दे।








