गुरुग्राम में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय एसडीजी कॉन्क्लेव ‘कॉन्फ़ेरेंसिया-2026’ का मेयर राजरानी मल्होत्रा ने किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

44 से अधिक विद्यालयों के 600 विद्यार्थियों ने लिया भाग, सतत विकास, सुशासन और नेतृत्व पर हुआ मंथन

गुरुग्राम, 29 जुलाई। डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-49 में बुधवार को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सतत विकास लक्ष्य कॉन्क्लेव ‘कॉन्फ़ेरेंसिया-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों की थीम पर आयोजित इस प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव में 44 से अधिक विद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थियों एवं प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, नीति निर्माण की समझ तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के उपाध्यक्ष अनिल कुमार राव तथा नगर निगम गुरुग्राम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा प्रिंका यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अनेक शिक्षाविद्, संस्थागत प्रमुख एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मेयर राजरानी मल्होत्रा ने विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तनकर्ता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘लोकल से ग्लोबल’ की सोच अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और नागरिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे जनहित एवं स्वच्छता अभियानों में युवाओं की भागीदारी शहर के सतत विकास को नई दिशा दे सकती है।

संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद, नीति निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नगर निगम के स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कॉन्क्लेव के दौरान मॉडल यूनाइटेड नेशंस के साथ-साथ नगर निगम गुरुग्राम, लोकसभा, राज्यसभा, हरियाणा विधानसभा, संयुक्त राष्ट्र महासभा तथा यूडीसीएसडब्ल्यू के सिमुलेशन आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया, कूटनीति, सुशासन, सार्वजनिक नीति और वैश्विक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया।

विभिन्न समितियों में विद्यार्थियों ने शोधपरक एवं नीति-आधारित चर्चाओं के माध्यम से सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशन, सुशासन और नागरिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान प्रतिभागियों ने नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और टीमवर्क का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या चारु मैनी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉन्फ़ेरेंसिया-2026 जैसे आयोजन विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने, नेतृत्व कौशल को निखारने तथा जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कॉन्क्लेव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सतत विकास लक्ष्यों की समझ को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!