जागरूक युवा, स्वस्थ समाज की ओर एक सशक्त कदम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एमएसयू ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-43, गुरुग्राम में वेक्टर जनित रोगों, जूनोटिक रोगों एवं टायफाइड पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

गुरुग्राम | 29 जुलाई 2026 – मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू), नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) द्वारा दिनांक 29 जुलाई 2026 को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-43 गुरुग्राम में विद्यार्थियों के लिए वेक्टर जनित रोगों (Vector-Borne Diseases), जूनोटिक रोगों (विशेष रूप से रेबीज) तथा टायफाइड विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामान्य संक्रामक रोगों की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान एवं नियंत्रण के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का सफल समन्वय श्री उमंग गुप्ता, ट्रेनिंग मैनेजर, एमएसयू द्वारा किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेश कौशिक, वरिष्ठ जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ, एमएसयू ने विद्यार्थियों को टायफाइड एवं जूनोटिक रोगों, विशेष रूप से रेबीज, के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रोगों के संक्रमण के तरीके, प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय, सुरक्षित भोजन एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व, पालतू पशुओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार तथा किसी भी पशु के काटने की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

इसके उपरांत डॉ. डिंकर कुमार, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, एमएसयू ने वेक्टर जनित रोगों पर एक जानकारीपूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसे रोगों के कारण, संचरण के माध्यम, रोकथाम के उपाय तथा इन रोगों की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने एवं मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुश्री कनिका थपलियाल, कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट, एमएसयू भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम का फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से दस्तावेजीकरण किया, जिसे जनस्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एमएसयू के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जाएगा।

इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 75 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछकर रोगों की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं एमएसयू टीम के साथ एक सामूहिक छायाचित्र लिया गया। यह कार्यक्रम स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एमएसयू की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

“आज की जागरूकता, कल के स्वस्थ समाज की नींव है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!