जींद से हाइड्रोजन रेल क्रांति का आगाज़ करेंगे प्रधानमंत्री मोदी: मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गांव-गांव पहुंचकर दिया 17 जुलाई की जींद रैली का निमंत्रण

प्रधानमंत्री के स्वागत में पूरे प्रदेश में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने गांव हुल्ला हेड़ी में स्वच्छता ही स्वागत अभियान के तहत झाड़ू लेकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया

चंडीगढ़/सोनीपत, 13 जुलाई। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद आगमन को लेकर गोहाना क्षेत्र के गांव लाठ, गांव मोहाना और हुल्ला हेड़ी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक जनसभा में पहुंचने का निमंत्रण दिया और कहा कि 17 जुलाई को जींद के एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुड्डा ग्राउंड में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा हरियाणा के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी।

श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। यह केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम भारत को नई तकनीक और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करेगा। हरियाणा के लोगों को इस ऐतिहासिक पल का प्रत्यक्ष साक्षी बनने का अवसर मिल रहा है, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचकर इस गौरवपूर्ण क्षण का हिस्सा बनें।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी हरियाणा आते हैं, प्रदेशवासियों को विकास की नई सौगात देकर जाते हैं। इस बार भी वे अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे, जिससे प्रदेश के आधारभूत ढांचे, परिवहन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नायब सरकार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जींद की यह जनसभा उसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।

श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ बड़ी संख्या में जींद पहुंचें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यह जनसभा इको-फ्रेंडली रैली होगी। अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों, ई-स्कूटी और सीएनजी जैसे साधनों से जींद पहुंचें।

पंडित मोहनलाल बड़ौली ने गांव हुल्ला हेड़ी में स्वच्छता ही स्वागत अभियान के अंतर्गत श्रमदान भी किया। उन्होंने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान में भाग लिया तथा कचरे को डस्टबिन में डालकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने भी सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांवों में स्थानीय लोगों ने पंडित मोहनलाल बड़ौली का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

मोदी की जींद रैली हरियाणा के विकास और स्वच्छ भारत के संकल्प का उत्सव होगी: मोहन लाल बड़ौली

पत्रकारों से बातचीत में मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के स्वागत में 13 जुलाई से 19 जुलाई तक पूरे हरियाणा में स्वच्छता ही स्वागत अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेशभर में गांवों, शहरों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें, और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं।

एक अन्य सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में विश्व के सामने नई पहचान बना रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जींद से शुरू होने वाला यह ऐतिहासिक अभियान भारतीय रेलवे के भविष्य को नई दिशा देगा और हरियाणा देश की रेल क्रांति का अग्रदूत बनेगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 जुलाई की जींद रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के विकास, आधुनिक तकनीक और स्वच्छ भारत के संकल्प का उत्सव होगी।

इस दौरान श्री बड़ौली के साथ जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, भाजपा गोहाना के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, जिला महामंत्री महेंद्र चिढ़ाना, सरपंच हरकेश सरपंच, मंडल अध्यक्ष विनोद सरपंच, अमित सरपंच लाठ, पवन शर्मा सरपंच, मोई हुड्डा, वाइस चेयरमैन, ब्लॉक समिति मुरथल विनोद त्यागी, प्रदीप बड़वासनी सहित अनेक कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!