*एसआईआर-2026 अभियान का अंतिम दिन आज, पात्र नागरिक अवश्य जमा कराएं गणना प्रपत्र: सोनू भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जिलेभर में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक*

*अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना अभियान का उद्देश्य*

गुरुग्राम, 13 जुलाई- एडीसी एवं स्वीप नोडल अधिकारी सोनू भट्ट ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान का मंगलवार, 14 जुलाई को अंतिम दिन है। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अंतिम दिन अपने गणना प्रपत्र अवश्य जमा कराएं और अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से लगातार स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

एडीसी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मौजूदा मतदाताओं के साथ-साथ युवाओं, विशेषकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करवाना है। इसी कड़ी में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

हरियाणा राज्य परिवहन विभाग की ओर से बस स्टैंड पर यात्रियों और आम नागरिकों को एसआईआर-2026 की जानकारी दी गई। उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा कराने और मतदाता विवरणों का सत्यापन कराने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14 में छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को अभियान की जानकारी देते हुए गणना प्रपत्र जमा कराने तथा मतदाता सूची में अपने विवरणों का सत्यापन कराने के लिए प्रेरित किया।

सोनू भट्ट ने कहा कि स्वीप गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण, गणना प्रपत्र और मतदान के महत्व की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि एसआईआर-2026 अभियान के अंतिम दिन आज अपना गणना प्रपत्र अवश्य जमा कराएं और मतदाता विवरणों का सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!