जींद से हरियाणा को मिलेगी विकास की ऐतिहासिक सौगात, 17 जुलाई बनेगा स्वर्णिम दिन: डॉ. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने जींद पहुंचकर रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
प्रधानमंत्री मोदी का जींद दौरा प्रदेश के विकास को देगा नई रफ्तार: डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़/जींद, 11 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली विशाल जनसभा की तैयारियों का निरीक्षण किया। शनिवार को जींद में रैली स्थल पर पहुंचकर उन्होंने तैयारियों और सभा स्थल का जायजा लिया। डा. अर्चना गुप्ता ने मौजूद पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास का नया अध्याय लिखने वाला ऐतिहासिक अवसर होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद आगमन प्रदेश के करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं को नई उड़ान देगा और हरियाणा को विकास की अनेक बड़ी सौगातें प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विश्व स्तर पर नई पहचान बनाई है। अब जींद की धरती से हरियाणा को भी ऐसी परियोजनाएं मिलेंगी, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, उद्योग, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएंगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश तेजी से ग्रीन टेक्नोलॉजी और इको-फ्रेंडली इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हाइड्रोजन आधारित ट्रेन जैसी अत्याधुनिक परियोजनाएं भारत की नई सोच और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं। इससे प्रदूषण कम होगा, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और रेलवे व्यवस्था आधुनिक तकनीक से सशक्त होगी। हरियाणा भी इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जींद से जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे वे केवल निर्माण कार्य नहीं होंगे, बल्कि प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। रेल, सड़क, आधारभूत ढांचे, जनसुविधाओं और विकास से जुड़ी अनेक योजनाएं हरियाणा को नई गति देंगी और प्रदेश निवेश, उद्योग तथा रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में बिना भेदभाव विकास की नीति अपनाई है। पिछले 12 वर्षों में एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। अब प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा विकसित हरियाणा के संकल्प को और मजबूती देगा।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से 17 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह जनसभा केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा, आत्मनिर्भर भारत और नए भारत के संकल्प का महापर्व है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जींद की ऐतिहासिक धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को ऐसी सौगातें देंगे, जिनका लाभ हरियाणा की आने वाली पीढ़ियां भी लंबे समय तक उठाएंगी।








