रोहतक में युवा कांग्रेस का संविधान संवाद, भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और युवाओं के मुद्दों पर हुई चर्चा, बड़ी संख्या में युवा हुए शामिल

रोहतक। हरियाणा युवा कांग्रेस द्वारा रोहतक में संविधान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय तथा युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस कमेटी के ओबीसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया तथा हरियाणा कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल जयहिंद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कई नीतियां संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करने की बात करता है, लेकिन वर्तमान सरकार की कार्यशैली से सामाजिक न्याय और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और अवसरों की कमी जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की युवा विरोधी नीतियों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। कटारिया ने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए, लेकिन इसके बजाय युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

हरियाणा कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकारों और संविधान में निहित समानता के सिद्धांतों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे संविधान, लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जन-जागरण अभियान को आगे भी जारी रखेंगे।

इस अवसर पर जितेंद्र बघेल, सह-प्रभारी कुलदीप केडी, हरदीप राणा, बलवान रंगा, शुभम सैनी, तन्मय चौधरी, मोहित मलिक और यशवंत सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!