संजय दत्त से मिलीं पर्ल चौधरी, महिला आरक्षण और संगठन विस्तार पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला आरक्षण कानून लागू कराने के अभियान, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर हुई विस्तृत चर्चा, 21 जुलाई के जंतर-मंतर प्रदर्शन की तैयारियों की भी समीक्षा

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने शनिवार को चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की उपस्थिति में मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली बैठक में महिला कांग्रेस के संगठन विस्तार, महिला आरक्षण कानून को लागू कराने के अभियान, प्रदेशभर में चलाए जा रहे जनआंदोलनों तथा आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान पर्ल चौधरी ने बताया कि अलका लांबा के नेतृत्व में पूरे देश में महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड अभियान, हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस इन अभियानों को विधानसभा स्तर से लेकर गांव-गांव तक पहुंचा रही है।

उन्होंने प्रभारी संजय दत्त को जानकारी दी कि 21 जुलाई को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर महिला आरक्षण कानून लागू कराने की मांग को लेकर विशाल विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व अलका लांबा करेंगी और हरियाणा के सभी जिलों से बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगी।

पर्ल चौधरी ने विश्वास जताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अलका लांबा के नेतृत्व में बढ़ रहे जनदबाव के चलते केंद्र सरकार को अगले आम चुनाव से पहले महिला आरक्षण कानून लागू करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र सहित देशभर की ओबीसी महिलाओं के लिए महिला आरक्षण कानून में पृथक प्रावधान की मांग भी लगातार उठा रही है, ताकि सभी वर्गों की महिलाओं को न्यायसंगत प्रतिनिधित्व मिल सके।

बैठक में संजय दत्त ने अपने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन में महिला कांग्रेस की भूमिका लगातार मजबूत हुई है और सरकार निर्माण में महिलाओं की भागीदारी पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून लागू होने के बाद हरियाणा की महिलाओं के लिए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में नेतृत्व के नए अवसर खुलेंगे।

पर्ल चौधरी ने पिछले चार महीनों में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा चलाए गए प्रमुख आंदोलनों और अभियानों की जानकारी भी प्रभारी को दी। इनमें महंगाई के खिलाफ आंदोलन, ईंधन नीति के विरोध में अभियान, नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन, मनरेगा से जुड़े मुद्दों को उठाना तथा महिलाओं और बेटियों पर बढ़ते अत्याचार के मामलों को प्रमुखता से उठाना शामिल रहा।

उन्होंने विशेष रूप से मेवात के इंधाना में सामूहिक दुष्कर्म तथा कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में 15 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की घटनाओं का मुद्दा भी प्रभारी के समक्ष उठाया।

पर्ल चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक राज्य महिला आयोग में सदस्यों की नियुक्ति नहीं की गई और महिला कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के दबाव के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि महिला कांग्रेस की ओर से आवाज उठाए जाने के बाद राज्य सरकार ने 24 घंटे के भीतर महिला आयोग के पांच सदस्यों की नियुक्ति की।

संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए पर्ल चौधरी ने बताया कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अगले सप्ताह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की सहमति से प्रदेश कार्यकारिणी की पहली सूची जारी करेगी।

उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण के दौरान पूरे प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के बीच कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी ऊर्जा के बल पर महिला कांग्रेस आगामी चुनावों में भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी और कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!