कीचड़ और गंदगी से बदहाल हुई खांडसा सब्जी मंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कारोबारियों और ग्राहकों की बढ़ी मुश्किलें, संक्रमण फैलने का खतरा

गुरुग्राम, 11 जुलाई (अशोक)। खांडसा रोड स्थित शहर की प्रमुख सब्जी मंडी इन दिनों बदहाली और अव्यवस्था का शिकार बनी हुई है। लगातार बारिश के बाद मंडी परिसर में फैली गंदगी और कीचड़ ने न केवल व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है, बल्कि यहां खरीदारी करने आने वाले हजारों उपभोक्ताओं के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

मंडी में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को मजबूरन बदबूदार कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर सब्जियां खरीदने और बेचने के लिए गुजरना पड़ रहा है। मंडी परिसर में जगह-जगह कीचड़ जमा होने से आवागमन बाधित हो गया है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों राजेश पटैल, मुकेश, सोनू, जगदेव, कमल किशोर, जयप्रकाश, प्रदीप, राजीव राठौर, चंद्र प्रकाश सिंह, भूपेन्द्र, राजेश कुमार, अजय सिंह, राहुल, एमडी असलम, मुन्ना अंसारी, संदीप, ईश्वर शर्मा और हरिवंश सहित अनेक लोगों ने बताया कि खांडसा सब्जी मंडी शहर की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण मंडियों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में थोक व्यापारी, खुदरा विक्रेता और आम नागरिक पहुंचते हैं।

प्रशासन की अनदेखी पर उठे सवाल

व्यापारियों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण मंडी होने के बावजूद प्रशासन द्वारा यहां की सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंडी परिसर में चारों ओर कीचड़ और गंदगी फैली हुई है तथा कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि गंदगी और जलभराव के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे कारोबार करना और खरीदारी करना दोनों ही कठिन हो गए हैं। व्यापारियों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बीमारियों और संक्रमण का बढ़ा खतरा

व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मंडी परिसर की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो मंडी और आसपास के क्षेत्रों में संक्रमण और मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मंडी की सड़कों पर जमा कीचड़ और गंदगी को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत साफ कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!