बिजली पेंशनरों की मासिक बैठक में सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति जताई नाराजगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कैशलेस चिकित्सा सुविधा, एलटीसी और पेंशन बढ़ोतरी सहित लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग

गुरुग्राम, 11 जुलाई। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुग्राम की मासिक बैठक शनिवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम के रेस्ट हाउस में पूर्व मुख्य अभियंता रतनलाल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन यूनिट प्रधान राजन शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति संगीत और दस मिनट के योगाभ्यास के साथ हुई।

बैठक को पूर्व निदेशक डीएचबीवीएन दिलीप सिंह डूडी, सेवानिवृत्त कार्यकारी अभियंता एस.एस. राणा, पूर्व सुपरिंटेंडेंट मनोहर लाल यादव, पूर्व सचिव धनीराम, रतनलाल गुप्ता, दयानंद सिंधड़, देवराज, बुद्धि सिंह, प्रीत सिंह कटारिया, राजन शर्मा तथा यूनिट सचिव बनवारी लाल शर्मा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने निगम के स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान, दैनिक जीवन, खान-पान, पेंशनरों की लंबित मांगों, पेंशनर सेवा केंद्र तथा एसोसिएशन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान हरियाणा सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति पेंशनरों में गहरी नाराजगी और आक्रोश भी देखने को मिला।

एसोसिएशन के महासचिव बनवारी लाल शर्मा ने आश्वासन दिया कि स्थानीय स्तर पर मेडिकल बिलों और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र बातचीत कर उनका निवारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा को ऊर्जा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले बिजली पेंशनरों की वर्षों पुरानी मांगों की ओर सरकार पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार पिछले तीन वर्षों से कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की घोषणा कर रही है, लेकिन अभी तक इसे जमीन पर लागू नहीं किया गया है, जबकि बढ़ती उम्र में यह सुविधा पेंशनरों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यूनिट प्रधान राजन शर्मा ने पेंशनरों की प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा को तत्काल लागू किया जाए, पारिवारिक पेंशनरों को भी एलटीसी का लाभ दिया जाए तथा 80 वर्ष की आयु में 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि के साथ-साथ 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर भी पांच-पांच प्रतिशत पेंशन वृद्धि का प्रावधान किया जाए।

उन्होंने मांग की कि निगम के कार्यरत कर्मचारियों की तरह बिजली पेंशनरों को भी 80 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा न्यायालयों के निर्णयों को शीघ्र लागू किया जाए। इसके अलावा हरियाणा सरकार के अन्य पेंशनरों की तर्ज पर बिजली पेंशनरों को भी पेंशनर पहचान पुस्तिका जारी करने और सभी समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।

बैठक में कम्यूटेशन पेंशन को 15 वर्ष पूर्ण होने के बाद स्वतः समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। पेंशनरों का कहना था कि रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण अनेक मामलों में 15 वर्ष बाद भी पेंशन से कम्यूटेशन राशि की कटौती जारी रहती है।

बैठक के दौरान जुलाई माह में जन्मदिन मनाने वाले 30 पेंशनरों को सम्मानित किया गया। उन्हें पेंशनर्स रत्न अवार्ड-2026 के तहत लॉकेट, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी गईं।

बैठक में रतनलाल गुप्ता, प्रीत सिंह कटारिया, राजन शर्मा, दिलीप सिंह डूडी, एस.एस. राणा, मनोहर लाल यादव, दयानंद सिंधड़, धनीराम, जे.पी. माथुर, ताराचंद गुप्ता, दर्शन यादव, बुद्धि सिंह, देवराज, बनवारी लाल शर्मा, जयप्रकाश गौतम (योगाचार्य), दिलीप सिंह छिल्लर, अनिल कुमार तिवारी, सत्य प्रकाश, अरविंद कुमार, महेंद्र सिंह, रामकिशन, प्रभु दयाल कटारिया, समरथ सिंह, प्रेम प्रकाश, रामसहाय मौर्य, आर.के. गुप्ता, भोलूराम सैनी, राजेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह छिल्लर, शिव प्रकाश, मोतीराम, वेद प्रकाश, हजारी सिंह, नरेश चंद्र सूरी, प्रेम बहादुर, ईश्वर दास, जगन्नाथ तथा अन्य बड़ी संख्या में बिजली पेंशनरों ने भाग लिया।

अंत में अध्यक्ष रतनलाल गुप्ता के अध्यक्षीय संबोधन और सामूहिक जलपान के साथ जुलाई माह की बैठक का समापन किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!