प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को करेंगे जींद का दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जींद से सोनीपत तक चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रैन को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना*

*प्रदेश में लिखा जाएगा विकास का नया अध्याय*

*जींद की यह रैली होगी इको- फ्रैंडली: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के जींद दौरे की तैयारियों का लिया जायजा, रेलवे जंक्शन, हुड्डा ग्राउंड का किया निरीक्षण*

चंडीगढ़, 8 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का 17 जुलाई को जींद का दौरा प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखेगा। इस दिन प्रधानमंत्री जींद से सोनीपत तक देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह बात मुख्यमंत्री ने बुधवार को जींद के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारवार्ता को सम्बोन्धित करते हुए कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली होगा। देश के यशस्वी एवं जनप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस दिन जींद से सोनीपत तक चलने वाली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इसके अलावा भी हरियाणा को प्रधानमंत्री करोड़ों रूपये की अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे, जिससे प्रदेश के लोगों को बहुत लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के पेट्रोल व डीजल की खपत को कम करने के संदेश को प्रदेश के घर- घर तक पहुंचाने के लिए यह रैली पूरी तरह से इको -फ्रैंडली रैली होगी। इस रैली में आने वाले लोग ज्यादातर इलैक्ट्रीक वाहनों का ही प्रयोग करेंगे। इसके अलावा सीएनजी के वाहन जैसे ई- रिक्शा इत्यादि का भी रैली में पहुंचने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जींद की इस इको- फ्रैंडली रैली में प्रधानमंत्री के उदबोंधन को एलईडी के माध्यम से प्रदेश के अन्य निर्धारित स्थानों पर भी लाखों लोगों को सुनाया जाएगा। 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विश्व पटल पर नई पहचान बनी है जिसका श्रेय राष्ट्र के प्रति समर्पित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। इन वर्षों में हरियाणा ने भी विकास की नई इबारत को लिखा है, आज प्रदेश का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ा हुआ है।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेलवे स्टेशन व सभा स्थल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विश्राम गृह में मंत्रीमंडल के सदस्यों, विधायकों एवं अन्य राजनेताओं तथा प्रदेश के उच्च अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की सफलता को लेकर फीडबैक ली और आवश्यक दिशा- निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर उसे पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

इस दौरान बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता,पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद्र शर्मा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, सुभाष बराला, विधायक रामकुमार गौतम, देवेन्द्र अत्री, विनोद भ्याणा, पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम के अलावा हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, करनाल मंडल के आयुक्त राजीव रतन, हिसार मंडल की आयुक्त गीता भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा भी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!