बिजली सुरक्षा को लेकर डीएचबीवीएन का विशेष अभियान, संभावित खतरे की सूचना व्हाट्सएप पर दें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टूटे खंभे, लटकते तार या क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की सूचना 9050960500 पर भेजें, त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

गुरुग्राम, 7 जुलाई। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि आम नागरिकों और निगम कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षित, विश्वसनीय एवं दुर्घटना-मुक्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करना निगम की प्रतिबद्धता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं टूटा हुआ बिजली का खंभा, झुकी या लटकती विद्युत लाइन, खुला बिजली का तार, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, करंट युक्त मीटर बॉक्स, अर्थ वायर, सपोर्ट वायर अथवा किसी भी प्रकार का विद्युत खतरा दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन में कार्यकारी अभियंता को सुरक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोई भी नागरिक संभावित विद्युत खतरे का फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन या निकटतम लैंडमार्क सहित विवरण व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर भेज सकता है। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता, फोरमैन, लाइनमैन और सहायक लाइन स्टाफ नियमित सुरक्षा निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक फीडर, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत परिसंपत्तियों का समय-समय पर निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाएगा तथा सभी दोषों का जीपीएस लोकेशन सहित रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विद्युत प्रणाली का नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करते हुए सभी संभावित जोखिमों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सुरक्षा मैनुअल और सुरक्षा संबंधी वीडियो का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी भी विद्युत खतरे को नजरअंदाज न करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर दी गई सूचना जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। बिजली उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1912 अथवा 1800-180-4334 पर भी दर्ज करा सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!