ट्रैक्टर माउंटेड पंप व अन्य मशीनरी के साथ लगातार चला जलनिकासी अभियान, जल्द से जल्द पानी निकालकर आवागमन सुचारु करना रहा प्राथमिक उद्देश्य

गुरुग्राम 7 जुलाई। मंगलवार को गुरुग्राम में हुई भारी बारिश के दौरान नगर निगम गुरुग्राम की पूरी टीम जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मैदान में सक्रिय रही। बारिश के बीच जहां इंजीनियरिंग विंग, स्वच्छता टीमें और अन्य फील्ड कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर पानी की निकासी में जुटे रहे, वहीं अतिरिक्त निगमायुक्त, संयुक्त आयुक्त और निगम पार्षद भी अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करते दिखाई दिए।

भारी बारिश के दौरान नगर निगम का मुख्य उद्देश्य जलभराव वाले स्थानों से जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित करना तथा सड़कों पर आवागमन को सुचारु बनाए रखना रहा। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर ट्रैक्टर माउंटेड पंप, डी-वॉटरिंग पंप, सक्शन टैंकर तथा अन्य उपलब्ध मशीनरी एवं संसाधनों का उपयोग किया गया।
बारिश के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहकर फील्ड में सक्रिय रहे। अतिरिक्त निगमायुक्तों एवं संयुक्त आयुक्तों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में जलभराव वाले और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद इंजीनियरिंग एवं स्वच्छता टीमों के साथ स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों द्वारा आवश्यकता के अनुसार मशीनरी की तैनाती, जलनिकासी में आ रही बाधाओं को दूर करने और फील्ड टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मानसून प्रबंधन के दौरान जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। निगम पार्षद अपने-अपने वार्ड क्षेत्रों में फील्ड टीमों के साथ मौजूद रहे तथा स्थानीय स्तर पर जलभराव वाले स्थानों की जानकारी अधिकारियों के साथ साझा करते हुए जलनिकासी कार्यों में समन्वय करते रहे। नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों और फील्ड टीमों के बीच बेहतर तालमेल से प्रभावित स्थानों पर आवश्यक संसाधनों की तैनाती और जलनिकासी कार्रवाई को गति मिली।
भारी बारिश के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए ट्रैक्टर माउंटेड पंप एवं अन्य मशीनरी लगाई गई। फील्ड टीमें बारिश के बीच भी लगातार कार्य करती रहीं और सड़कों एवं गलियों में जमा वर्षा जल की निकासी के प्रयास जारी रखे। टीमों ने ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया, जहां पानी जमा होने से यातायात प्रभावित होने की संभावना थी। प्राथमिकता के आधार पर मशीनरी लगाकर पानी की निकासी की गई, ताकि नागरिकों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो।
शहर के सेक्टर 17 सहित कई क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा पूर्व में किए गए स्थाई जलनिकासी प्रबंधों के सकारात्मक परिणाम भी भारी बारिश के दौरान देखने को मिले। बेहतर ड्रेनेज कनेक्टिविटी और जलनिकासी व्यवस्था के कारण कई स्थानों पर वर्षा जल की निकासी सुचारु बनी रही। नगर निगम द्वारा मानसून प्रबंधन के तहत तात्कालिक जलनिकासी उपायों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर स्थाई समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।








