जीएमडीए ने हीरो होंडा चौक-उमंग भारद्वाज चौक कॉरिडोर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 6 जुलाई :- गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के उद्देश्य से हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क को सुदृढ़ किया है। इसके तहत क्रॉस-ड्रेन कनेक्शन, नए रोड गली का निर्माण तथा रखरखाव कार्य किए गए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि शहर के व्यस्त यातायात मार्गों में शामिल इस कॉरिडोर पर वर्षा जल की तेजी से निकासी सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा ड्रेनेज नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने संबंधी विभिन्न इंजीनियरिंग कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-10ए/37-2 मास्टर सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर 600 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाकर तीन क्रॉस-ड्रेन कनेक्शन  किए गए हैं। इनकी मदद से सतही नालों को मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन से जोड़ा गया है, जिससे मुख्य सड़क पर एकत्र होने वाला वर्षा जल तेजी से मुख्य ड्रेनेज नेटवर्क में प्रवाहित हो सकेगा और जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा।

श्री मीणा के अनुसार, मुख्य सड़क से वर्षा जल को सतही नालों तक शीघ्र पहुंचाने के लिए कॉरिडोर पर उपयुक्त स्थानों पर नई रोड गली भी बनाई गई हैं। इससे भारी वर्षा के दौरान यहाँ पर पानी की निकासी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के साथ-साथ इस कॉरिडोर के साथ बनी ग्रीन बेल्ट में भी विशेष रखरखाव अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में मलबा, फ़ालतू मिट्टी और अन्य अवरोधों को हटाया गया ताकि यह मिट्टी बरसाती नालों में जाकर उनकी जल वहन क्षमता को प्रभावित न करे। इसके अलावा, ग्रीन बेल्ट से कूड़ा-कचरा और अन्य वेस्ट भी हटाया गया, जिससे मानसून के दौरान ड्रेनेज नेटवर्क अवरोधमुक्त रहे।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि शहर में जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों की पहचान कर जीएमडीए वहां पर आवश्यक इंजीनियरिंग उपाय और ड्रेनेज नेटवर्क के नियमित रखरखाव का कार्य जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि इन उपायों से वर्षा जल की निकासी व्यवस्था और मजबूत होगी तथा भारी बारिश के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!