सोहना उप मंडल पर समाधान शिविर में जन समस्याओं का किया निवारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिविर में पीपीपी कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला रहे मौजूद, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

सोहना, 06 जुलाई। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोहना उप मंडल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप मंडल अधिकारी अखिलेश यादव ने की। इस अवसर पर पीपीपी (परिवार पहचान पत्र) कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला विशेष रूप से उपस्थित रहे और अधिकारियों के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. सतीश खोला ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को किसी योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।

डॉ. खोला ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका मौके पर ही प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जनसेवा संबंधी मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही नागरिकों को योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

एसडीएम अखिलेश यादव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाधान शिविर इसी दिशा में एक प्रभावी पहल हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया तथा नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की। उपस्थित लोगों ने समाधान शिविर की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!