समाधान शिविरों में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से हो रहा समाधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने सुनीं शिकायतें, अधिकांश मामलों का मौके पर किया निस्तारण

अधिकारियों को एटीआर पोर्टल पर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण एंट्री सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 6 जुलाई- हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय एवं सभी उपमंडलों में नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। शिविर के दौरान कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनमें संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों की एटीआर पोर्टल पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण एंट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक मामले की प्रभावी निगरानी हो सके और किसी भी शिकायत को दोबारा खोलने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण ही समाधान शिविरों की सफलता का मुख्य आधार है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर एसीपी मुकेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, एसडीओ सुमन कश्यप, जेई हिमांशु नागपाल, एमिनेंट पर्सन सीएम विंडो सुषमा शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीटीएम ज्योति नागपाल ने समाधान शिविर में आई शिकायतों की समीक्षा की

समाधान शिविर के बाद सीटीएम ज्योति नागपाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों की विभागवार प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों पर तय समय के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की एटीआर पोर्टल पर समय पर और सही एंट्री सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो। सीटीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!