जनरल बॉडी बैठक, सांसद-विधायक, जिला अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों, कार्यकर्ताओं और चुनावी उम्मीदवारों से करेंगे संवाद; संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस

चंडीगढ़, 6 जुलाई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त 8 जुलाई से 12 जुलाई तक प्रदेश के पांच दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला प्रदेश स्तरीय दौरा होगा, जिसमें वे पार्टी संगठन के सभी प्रमुख स्तरों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से व्यापक संवाद कर संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में रणनीति तैयार करेंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 8 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जनरल बॉडी की बैठक में श्री संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बैठक के बाद वे पार्टी के सांसदों और विधायकों से एक-एक कर व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे तथा संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को श्री संजय दत्त प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों में प्रत्येक जिले के संगठनात्मक कार्यों, चुनौतियों, जनसंपर्क गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

राव नरेंद्र सिंह के अनुसार 10 जुलाई को प्रभारी संजय दत्त सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के प्रमुखों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में गठित प्रदेश कांग्रेस की राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसी दिन वे पार्टी के “छात्रों की गूंज” अभियान की समीक्षा बैठक में अभियान की प्रगति का आकलन करेंगे तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करेंगे।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को सायं 7 बजे श्री संजय दत्त पंचकूला के सेक्टर-26 स्थित कम्युनिटी सेंटर से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक आयोजित कैंडल मार्च का नेतृत्व करेंगे। यह मार्च नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम के कारण अपनी जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि 11 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ओपन हाउस का आयोजन होगा। इस दौरान श्री संजय दत्त प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे तथा उनके सुझाव, समस्याएं और संगठन संबंधी विचार सुनेंगे।
उन्होंने बताया कि दौरे के अंतिम दिन 12 जुलाई (रविवार) को श्री संजय दत्त प्रातः 8:30 बजे से रात्रि लगभग 10 बजे तक लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव-2024 के पार्टी के पराजित उम्मीदवारों से एक-एक कर विस्तृत संवाद करेंगे। इस दौरान वे उनके चुनावी अनुभव, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर सुझाव प्राप्त करेंगे, ताकि प्रदेश में कांग्रेस संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और जनोन्मुख बनाया जा सके।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पांच दिनों तक चलने वाला यह व्यापक संगठनात्मक दौरा कांग्रेस के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक विस्तार की रणनीति तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।








