बारिश के दौरान जीएमडीए की टीमें रही अलर्ट, शहर के जलभराव संभावित स्पॉट पर करती रही निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश में मुख्य सड़क मार्ग रहे जलभराव से मुक्त

गुरुग्राम, 5 जुलाई। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की टीमें रविवार को हुई वर्षा के दौरान अलर्ट मॉड में दिखाई दी और शहर में जलभराव संभावित स्थलों की लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी करती रही। संवेदनशील स्थानों पर स्थिति पर नजर रखने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर त्वरित जल निकासी एवं राहत संबंधी उपाय सुनिश्चित किए गए ।

रविवार को शहर के प्रमुख स्थानों पर कहीं भी जलभराव की सूचना नहीं मिली। जलभराव वाले प्रमुख स्थलों पर जीएमडीए ने पानी निकासी के लिए सुधार के कई उपाय किए थे । इनमें हीरो होंडा चौक–उमंग भारद्वाज रोड, सुभाष चौक, सुभाष चौक–हीरो होंडा कॉरिडोर, एआईटी चौक, आर्टेमिस रोड, लोटस वैली स्कूल रोड, अतुल कटारिया चौक, एसपीआर–वाटिका चौक से मस्जिद रोड मार्ग, सेक्टर 23/23ए रोड, शीतला माता रोड तथा कपासहेड़ा बॉर्डर शामिल हैं।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि वर्षा के दौरान इंजीनियरिंग विंग की टीमें लगातार सतर्क रहीं तथा विभिन्न स्थानों पर फील्ड स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों, जिनमें सेक्टर 9/9ए, 21, 22, 23, 43, 50, 51, 57, 72/73, नरसिंहपुर तथा खांडसा शामिल हैं, वहां पर्याप्त संख्या में मैन पॉवर एवं मशीनरी तैनात की गई। टीमों ने सड़क किनारे बनी गलियों (रोड गली), ड्रेनेज इनलेट प्वाइंट्स की नियमित सफाई की, उनमें जमा गाद एवं अन्य अवरोधों को हटाया तथा जहां आवश्यकता महसूस हुई वहां स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति का तुरंत समाधान किया। इससे वर्षा जल की निर्बाध निकासी सुनिश्चित हुई और प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा।

श्री मीणा ने कहा कि जीएमडीए के इंजीनियरिंग विंग को हिदायत दी गई हैं कि मानसून सीजन के दौरान शहर के ड्रेनेज नेटवर्क की निरंतर निगरानी करते रहें तथा आवश्यकतानुसार फील्ड टीमों एवं मशीनरी की तैनाती करें, ताकि वर्षा जल निकासी का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। जहाँ भी बारिश का पानी जमा होने की सूचना मिले, वहाँ पर पानी निकासी के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!