सेक्टर-10 में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, एमसीजी ने नई स्टॉर्म वाटर ड्रेन को मास्टर ड्रेन से जोड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अल्पाइन स्कूल एवं जीएमडीए बस स्टैंड के पास वर्षा जल निकासी हुई सुचारु, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत

गुरुग्राम, 5 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में जलभराव की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर-10 स्थित अल्पाइन स्कूल एवं जीएमडीए बस स्टैंड के आसपास वर्षा जल के जमाव की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए नई स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण कर उसे मास्टर ड्रेन से सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया है।

नई ड्रेनेज व्यवस्था शुरू होने के बाद बारिश का पानी तेजी से निकल रहा है, जिससे लंबे समय से जलभराव की समस्या का सामना कर रहे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, वाहन चालकों एवं राहगीरों को बड़ी राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि अल्पाइन स्कूल एवं जीएमडीए बस स्टैंड के आसपास बारिश के दौरान पानी जमा होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी कठिनाई होती थी तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होती थी।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की इंजीनियरिंग टीम द्वारा क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था का आकलन किया गया। इसके बाद वर्षा जल को प्रभावी ढंग से मुख्य ड्रेनेज नेटवर्क तक पहुंचाने के लिए नई स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण कर उसे मास्टर ड्रेन से जोड़ा गया।

नई स्टॉर्म वाटर ड्रेन के निर्माण और मास्टर ड्रेन से कनेक्टिविटी होने के बाद क्षेत्र में वर्षा जल निकासी व्यवस्था प्रभावी हुई है। बारिश का पानी अब नई ड्रेन के माध्यम से तेजी से मास्टर ड्रेन तक पहुंच रहा है, जिससे सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने की समस्या का समाधान हुआ है।

जलभराव की समस्या के समाधान का सकारात्मक प्रभाव यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। पहले बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की गति धीमी हो जाती थी और जाम जैसी स्थिति बनने की संभावना रहती थी। अब वर्षा जल की सुचारु निकासी के कारण वाहनों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है।

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों एवं इंजीनियरिंग टीम द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए गए कार्य की सराहना की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नई ड्रेनेज व्यवस्था से बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शहर के अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भी इसी प्रकार तकनीकी समाधान एवं प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा मानसून के दौरान तात्कालिक जलनिकासी के साथ-साथ जलभराव वाले स्थानों के स्थायी समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत आवश्यकतानुसार नई ड्रेनों का निर्माण, मौजूदा ड्रेनेज नेटवर्क में सुधार, मास्टर ड्रेनों से कनेक्टिविटी तथा जलनिकासी मार्गों को मजबूत करने के कार्य किए जा रहे हैं। एमसीजी का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहर के ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!