शहर के विभिन्न जलभराव वाले स्थानों पर पंप, ट्रैक्टर माउंटेड पंप और सक्शन टैंकर तैनात, नागरिकों की सुविधा के लिए फील्ड टीमें रही लगातार सक्रिय

गुरुग्राम, 5 जुलाई। रविवार को बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने तथा नागरिकों का आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहीं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों द्वारा पंप, ट्रैक्टर माउंटेड पंप, सक्शन टैंकर तथा अन्य आवश्यक मशीनरी तैनात कर बारिश के पानी की निकासी का कार्य किया गया।

नगर निगम की फील्ड टीमें बारिश के दौरान विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर स्थिति की निगरानी करती रहीं। जिन स्थानों पर पानी जमा होने की सूचना प्राप्त हुई, वहां आवश्यकता के अनुसार मशीनरी एवं मैनपावर की तैनाती कर जलनिकासी की कार्रवाई शुरू की गई।
बारिश के कारण मदनपुरी रोड पर जमा हुए पानी की निकासी के लिए नगर निगम द्वारा ट्रैक्टर माउंटेड पंप तैनात किया गया। टीम द्वारा मौके पर लगातार निगरानी रखते हुए पंप के माध्यम से पानी की निकासी की गई, ताकि क्षेत्र में आवागमन सुचारू बना रहे और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सूरत नगर क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए टीम एमसीजी मौके पर सक्रिय रही। फील्ड टीम द्वारा उपलब्ध संसाधनों एवं मशीनरी की सहायता से बारिश के पानी की निकासी का कार्य किया गया। टीमों को निर्देश दिए गए कि पानी की पूरी निकासी होने तक स्थिति पर नजर बनाए रखें।

रेलवे स्टेशन के निकट कॉस्को कंपनी के सामने जमा बारिश के पानी की निकासी के लिए सक्शन टैंकर तैनात किया गया। सक्शन टैंकर की मदद से जलनिकासी का कार्य करते हुए क्षेत्र में स्थिति को सामान्य बनाने की कार्रवाई की गई। बसई आरओबी तथा बहरामपुर रोड सहित अन्य स्थानों पर के भी जलभराव की स्थिति को देखते हुए ट्रैक्टर माउंटेड पंप लगाए गए। टीमों द्वारा लगातार पंपिंग करते हुए जमा पानी को निकाला गया। अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ द्वारा मौके की स्थिति पर निगरानी रखी गई तथा जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा मानसून के मद्देनजर विभिन्न प्रकार की मशीनरी एवं संसाधनों को तैयार रखा गया है। बारिश के दौरान आवश्यकता के अनुसार डी-वॉटरिंग पंप, ट्रैक्टर माउंटेड पंप, सक्शन टैंकर एवं अन्य मशीनरी को प्रभावित स्थानों पर तैनात किया गया है। फील्ड टीमों द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी के साथ-साथ जलनिकासी मार्गों की भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी अवरोध की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर से भी लगातार निगरानी
नगर निगम का मानसून प्रबंधन कॉल सेंटर बारिश के दौरान लगातार सक्रिय है। विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, फील्ड टीमों और अधिकारियों के माध्यम से स्थिति की निगरानी की जा रही है। किसी भी क्षेत्र से जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित टीम को तुरंत मौके पर भेजकर आवश्यक मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना और नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम करना है। फील्ड टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बारिश के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें तथा संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी करते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल जलनिकासी की कार्रवाई सुनिश्चित करें। टीम एमसीजी बारिश के बीच भी नागरिकों की सुविधा, प्रभावी जलनिकासी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार मैदान में सक्रिय है।









