चंडीगढ़ के स्कूलों और हरियाणा CM कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 1 जुलाई। चंडीगढ़ के कई प्रतिष्ठित स्कूलों और हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं तथा सभी संबंधित परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

धमकी मिलने वाले संस्थानों में शहर के कई प्रमुख स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। ई-मेल में स्कूलों के साथ-साथ अंबाला-दिल्ली रेल मार्ग पर भी हमले की धमकी दी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, धमकी मिलते ही सभी प्रभावित परिसरों को सुरक्षा घेरे में लेकर बम निरोधक दस्तों द्वारा गहन जांच की गई। प्रारंभिक तलाशी में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!