मेयर राजरानी मल्होत्रा ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का आह्वान, घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी दी जाएगी वैक्सीन

गुरुग्राम, 28 जून। गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने रविवार को भीम नगर स्थित अपने कैंप कार्यालय से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि भारत ने वर्षों के सामूहिक प्रयासों से पोलियो मुक्त देश का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चे का स्वस्थ भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर चलाए जाने वाले अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सभी अभिभावकों को इसमें सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस जनहित अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष के बच्चे को पोलियो की खुराक दिलवाने में योगदान दें।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने अंत में कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित गुरुग्राम के निर्माण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित रह गया हो तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि उसे भी समय पर लाभ मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!