शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, गांवों और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों तक पहुंचा निर्वाचन आयोग का संदेश

गुरुग्राम, 23 जून। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एसआईआर 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर स्वीप गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, गणना प्रपत्र भरने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। एडीसी एवं स्वीप नोडल अधिकारी सोनू भट्ट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपने मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन कराने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वीप अभियान के तहत महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में युवा मतदाताओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराया गया। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। श्रम विभाग ने औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों तक पहुंच बनाकर उन्हें निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया। वहीं एलिमेंट्री एजुकेशन विभाग ने विद्यालय स्तर पर अभिभावकों एवं समुदाय के बीच जागरूकता संदेश प्रसारित किए।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं अभिभावकों को गणना प्रपत्र भरने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। सीएससी केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं और निर्वाचन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई, जबकि पशुपालन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों एवं आमजन के बीच जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम से जोड़ने का कार्य किया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।







