समस्त संसार को अनुप्राणित करने वाले पिता के सम्मान में भव्य ‘पितृ दिवस विशेष’ काव्यांजलि का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कविता, संवेदना और संस्कारों के माध्यम से पिता के प्रति कृतज्ञता का हुआ भावपूर्ण प्रकटीकरण

गुरुग्राम, 21 जून। ‘अहं ब्रह्मास्मि~नव उद्घोष फाउंडेशन’ के तत्वावधान में शनिवार को मालाबार गोल्ड एंड डायमंड, गुरुग्राम के सभागार में पिता को समर्पित ‘पितृ दिवस विशेष’ काव्यांजलि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्ष दीपशिखा श्रीवास्तव ‘दीप’ के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, संवेदना और संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली दूरदर्शन के पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अमरनाथ अमर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विनोद प्रकाश गुप्त ‘शलभ’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार त्रिलोक कौशिक एवं राजपाल यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात संस्था की महासचिव अंजलि श्रीवास्तव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन दीपशिखा श्रीवास्तव ‘दीप’ ने किया, जबकि आयोजन की व्यवस्थाओं में संस्था के कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव तथा तकनीकी सहयोगी द्विज श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर गुरुग्राम, दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद से आए कवियों एवं कवयित्रियों ने पिता के त्याग, समर्पण, संघर्ष, संरक्षण और वात्सल्य को अपनी रचनाओं के माध्यम से भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। मंचासीन अतिथियों डॉ. अमरनाथ अमर, विनोद प्रकाश गुप्त ‘शलभ’, त्रिलोक कौशिक, राजपाल यादव तथा दीपशिखा श्रीवास्तव ‘दीप’ ने भी अपनी कविताओं और विचारों के माध्यम से पिता के व्यक्तित्व एवं उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में पंकज जौहरी, विजय नागपाल ‘नाविक’, मेघना शर्मा, बबिता नागर छाबड़ी, मीना चौधरी, सुरेंद्र मनचंदा, परिणीता सिन्हा ‘स्वयंसिद्धा’, सुमन नागर, मंजू तंवर, कृष्ण गोपाल सोलंकी, शन्नो श्रीवास्तव, डॉ. प्रीता पंवार, विमलेंदु सागर, डॉ. पराग शर्मा, राजेंद्र सिंह श्योराण, राजेश्वर वशिष्ठ, प्रीति पाठक, के.सी. गर्ग, हरीश कुमार, शारदा मित्तल, अदिति यादव, प्रीति मिश्रा, अंजलि श्रीवास्तव, अंजू सिंह एवं रमा त्यागी सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का प्रायोजन मालाबार गोल्ड एंड डायमंड द्वारा किया गया। आयोजन के सफल संचालन में मालाबार टीम के सहयोग एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की गई, जिसने कार्यक्रम को विशेष गरिमा और भव्यता प्रदान की।

अंत में संस्था की संस्थापिका अध्यक्ष दीपशिखा श्रीवास्तव ‘दीप’ ने सभी अतिथियों, कवियों, साहित्य प्रेमियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!