21 जून को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय योग दिवस समारोह, डीसी उत्तम सिंह ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील

गुरुग्राम, 20 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण किया गया और प्रतिभागियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां पूरी तत्परता के साथ निभाने के निर्देश दिए।

डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित रिहर्सल में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। योग साधकों ने उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तान मंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंध आसन, उत्तानपाद आसन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन और शवासन सहित अनेक योग क्रियाएं कीं। इसके साथ ही कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली तथा भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने इन आसनों और प्राणायामों के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
डीसी उत्तम सिंह ने जिले के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से आह्वान किया कि वे 21 जून को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर आयोजन के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी, डॉ. मोनिका, डॉ. विकास यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








