मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, जागरूक मतदाता बनने की अपील
गुरुग्राम। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने नागरिकों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के वोट में निहित है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम मतदाता सूची में सही एवं सुरक्षित रूप से दर्ज हो।
वर्धन यादव ने कहा कि जानकारी के अभाव में अनेक लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट जाते हैं या उनमें त्रुटियां रह जाती हैं। ऐसी स्थिति में नागरिक अपने महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार होते हैं।
मतदाता समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन जारी
जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की ओर से एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9599339697 जारी किया गया है। वर्धन यादव ने बताया कि यदि किसी नागरिक को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में संशोधन करवाने, नया आवेदन करने अथवा वोटर पहचान पत्र से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा हो, तो वह इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन करने, आवश्यक प्रपत्र भरने तथा मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहयोग करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
वर्धन यादव ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार को सुरक्षित रखें तथा जागरूक नागरिक के रूप में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।








