नायब सरकार का उद्देश्य गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को आगे लाकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है: बड़ौली
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने ओपन गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
खेलो इंडिया विजन और नायब सरकार की खेल नीति से उभर रही है नई प्रतिभाएं: मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 14 जून। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया विजन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। नायब सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, आधुनिक सुविधाएं और सम्मानजनक प्रोत्साहन देकर खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का कार्य कर रही है।
मोहन लाल बड़ौली रविवार को गन्नौर में ब्राइट फुटबॉल यूथ स्पोर्ट्स सोसाइटी द्वारा आयोजित ओपन गर्ल्स लीग कम नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेल के मैदान से लेकर शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता यह साबित करती है कि यदि अवसर और संसाधन मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

श्री बड़ौली ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार खिलाड़ियों के हित में अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं चल रही है। प्रदेश की खेल नीति देश की सबसे प्रभावी नीतियों में शामिल है, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरियों में अवसर तथा विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल नर्सरी योजना, उत्कृष्ट खेल केंद्र, आधुनिक स्टेडियमों का निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों का विस्तार और खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नायब सरकार का उद्देश्य गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को आगे लाकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। इसी सोच के कारण हरियाणा आज देश को सबसे अधिक पदक विजेता खिलाड़ी देने वाले राज्यों में अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की युवा खिलाड़ी आने वाले समय में देश और प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर और अधिक रोशन करेंगी। इस अवसर पर उन्होंने सफल आयोजन के लिए ब्राइट फुटबॉल यूथ स्पोर्ट्स सोसाइटी के पदाधिकारियों और आयोजकों को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।








