जिले में 15 जून से शुरू होगी विशेष गहन पुनरीक्षण : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(एसआईआर-2026) प्रक्रिया, जिला प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी : डीसी उत्तम सिंह

आज से 14 जुलाई तक घर-घर पहुंचकर मतदाता विवरण का सत्यापन करेंगे बीएलओ

डीसी ने मतदाता सूची को शुद्ध एवं सशक्त बनाने में नागरिकों से सक्रिय सहयोग का किया आह्वान

मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और हेल्पडेस्क स्थापित

ईसीआईनेट ऐप से मिलेगी निर्वाचन सेवाओं की आसान सुविधा

गुरुग्राम, 14 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान सोमवार 15 जून से शुरू हो रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 15 जून से 14 जुलाई, 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करेंगे तथा निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य करेंगे।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, स्थानांतरण से संबंधित मामलों का अद्यतन तथा आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन नामावली लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को भी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाई जाए और कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे।

मतदाता सूची को शुद्ध एवं सशक्त बनाने में करें सक्रिय सहयोग : डीसी

डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर सत्यापन के लिए पहुंचें तो नागरिक उन्हें सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे समय रहते ठीक करवाना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है।

डीसी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण का अद्यतन तथा निर्वाचन नामावली की शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति की जानकारी बीएलओ अथवा निर्वाचन कार्यालय को दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से ही मतदाता सूची को पूर्णतः अद्यतन, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर सुनिश्चित होगा।

मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और हेल्पडेस्क स्थापित

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के दौरान मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। मतदाता सहायता के लिए भारत निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर 0124-2224047, पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए 0124-2672900, बादशाहपुर के लिए 0124-2570029, 9289790907, गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के लिए 8700751185 तथा सोहना विधानसभा क्षेत्र के लिए 9466142565 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला एवं विधानसभा स्तर पर हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं। जिला स्तरीय हेल्पडेस्क जिला निर्वाचन कार्यालय, श्रम भवन की द्वितीय मंजिल पर कार्यरत है। इसी प्रकार पटौदी विधानसभा क्षेत्र का हेल्पडेस्क उपमंडल अधिकारी (ना.) पटौदी कार्यालय के कक्ष संख्या-16, बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र का हेल्पडेस्क उपमंडल अधिकारी (ना.) बादशाहपुर कार्यालय के कक्ष संख्या-4, सेक्टर-57 गुरुग्राम, गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र का हेल्पडेस्क जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित निर्वाचन कानूनगो कक्ष तथा सोहना विधानसभा क्षेत्र का हेल्पडेस्क उपमंडल अधिकारी (ना.) सोहना कार्यालय के कक्ष संख्या-1 में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता इन हेल्पलाइन नंबरों एवं हेल्पडेस्क के माध्यम से मतदाता सूची, नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के बारे में जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

ईसीआईनेट ऐप से मिलेगी निर्वाचन सेवाओं की आसान सुविधा

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के दौरान मतदाताओं को निर्वाचन सेवाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ईसीआईनेट ऐप का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक ई-ईपीआईसी डाउनलोड कर सकते हैं, मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा विभिन्न निर्वाचन सेवाओं का लाभ घर बैठे आसानी से उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से मतदाताओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध होंगी।

बीएलओ से संपर्क, फोटो अपडेट और फीडबैक की भी सुविधा

उन्होंने बताया कि ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क स्थापित कर सकते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता के लिए कॉल भी बुक कर सकते हैं। मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखने के उद्देश्य से नागरिकों से अपना नवीनतम फोटो उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है। इसके अलावा घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान मतदाता बीएलओ द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में अपना फीडबैक भी दर्ज करा सकेंगे। इससे निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी।

भ्रामक खबरों तथा अफवाहों पर रहेगी कड़ी नजर

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के दौरान भ्रामक समाचारों, अफवाहों तथा गलत सूचनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए जिला स्तर पर मीडिया सेल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह की तत्काल जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा नागरिकों से भी अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही मान्यता दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!