दिल्ली कैंट व रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं ने शुरू की धार्मिक यात्रा, 12 जून को लौटेंगे वापस
गुरुग्राम, 09 जून। हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा के लिए गुरुग्राम जिले के 45 श्रद्धालु विशेष ट्रेन के माध्यम से रवाना हुए। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से विशेष ट्रेन को झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। यह विशेष ट्रेन कुरुक्षेत्र से करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली कैंट तथा रेवाड़ी रेलवे स्टेशनों से होते हुए श्री सोमनाथ के लिए रवाना हुई। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि गुरुग्राम शहर के श्रद्धालुओं को दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन में सवार कराया गया, जबकि पटौदी एवं फरुखनगर क्षेत्र के श्रद्धालुओं को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से यात्रा के लिए रवाना किया गया। यात्रा से पूर्व सभी श्रद्धालुओं की आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं तथा उन्हें यात्रा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
श्रद्धालु ओमवती, सुरेश कुमार, उषा गुप्ता, राजपाल ने हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से अंत्योदय परिवारों तथा वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क यात्रा, भोजन, आवास तथा स्थानीय परिवहन की समुचित व्यवस्था किए जाने से यात्रा अत्यंत सुविधाजनक बन गई है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान कर रही है।
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत यात्रियों के रहने, खाने तथा स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था हरियाणा सरकार द्वारा की गई है। यह जत्था 12 जून को अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर वापस लौटेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।








