“जनता पूछ रही है-कब बनेगा सरकारी अस्पताल?” कांग्रेस का पैदल मार्च, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

गुड़गांव, 7 जून। गुड़गांव में वर्षों से लंबित पड़े नागरिक अस्पताल निर्माण के मुद्दे पर रविवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। “गुड़गांव मांगे सरकारी अस्पताल”, “गरीब मरीजों का बुरा हाल, कब बनेगा सरकारी अस्पताल” और “जनता पूछ रही है-कब बनेगा सरकारी अस्पताल” जैसे नारों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमान सराय स्थित पार्टी कार्यालय से लेकर पुराने नागरिक अस्पताल परिसर तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और अस्पताल निर्माण में हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
इस अवसर पर पंकज डावर ने कहा कि देश के सबसे विकसित और राजस्व देने वाले शहरों में शामिल गुरुग्राम आज भी एक अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री, सांसद और बड़े नेता कई बार अस्पताल स्थल का दौरा कर चुके हैं तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के दावे कर चुके हैं, लेकिन धरातल पर आज तक एक ईंट भी नहीं लगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करने और फोटो खिंचवाने तक सीमित होकर रह गई है। जनता अब जवाब चाहती है कि अस्पताल निर्माण की फाइलें आखिर कहां अटकी हुई हैं और निर्माण कार्य कब शुरू होगा।
डावर ने कहा कि गुरुग्राम में निजी अस्पतालों की भरमार है, लेकिन गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं लगभग न के बराबर हैं। मजबूरन लोगों को महंगे निजी अस्पतालों में इलाज करवाना पड़ता है या फिर दिल्ली, रोहतक जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में यह देरी मरीजों की जान पर भी भारी पड़ जाती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित अस्पताल के लिए आसपास के सरकारी विद्यालय की कई एकड़ भूमि अधिग्रहित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता और राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती आबादी, औद्योगिक विकास और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए गुरुग्राम में एक बड़े सरकारी अस्पताल की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से अस्पताल निर्माण के लिए तत्काल बजट जारी करने, टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्माण कार्य की समयबद्ध योजना घोषित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़कों से लेकर विधानसभा और संसद तक उठाने का काम करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा कोई उपकार नहीं बल्कि जनता का मूल अधिकार है और सरकार को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर पर्ल चौधरी, सुनीता सहरावत, सीमा पाहुजा, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा कटारिया, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, भोले गुज्जर, राजेश यादव बादशाहपुर, परविंदर कटारिया, संतोख सिंह, अरुण शर्मा, राजेश पटेल, श्याम लाल बामनिया, महावीर कन्हई, रविंद्र तिगरा, शमीम खान, नरेश वशिष्ठ, सतीश सांगवान, दीपक सोनी, उदयभान, सुनील चौहान, राहुल नंबरदार, राजीव यादव, अमन प्रजापति, पंकज मेंहदीरता, मनोज आहुजा, रमाकांत शर्मा, अरविंद उल्लवास, सन्नी यादव, रमणीक वशिष्ठ, राजेश यादव, अमन कौशिक, लोकेश कौशिक, अमित कोचर, सुनीता तोमर, सक्षम शर्मा, मास्टर महेंद्र सेन, संजय भाटिया, अब्दुल मलिक, भूपेश शुक्ला, ललित चावरिया, रमेश सहरावत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








