एआई प्रतिभा विकास में उद्योग की भागीदारी जरूरी, हरियाणा बनेगा डिजिटल प्रतिभा केंद्र : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीआईआई की उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक में एआई आधारित कौशल विकास, रोजगार सृजन और उद्योग-शिक्षा सहयोग पर हुआ मंथन

गुरुग्राम (जतिन/राजा)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के गुरुग्राम कार्यालय में आयोजित “मांग से नियुक्ति तक एआई प्रतिभा तंत्र को गति देने” विषयक उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक में उद्योग जगत, नीति निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कौशल विकास तथा रोजगार सृजन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर सीआईआई हरियाणा काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य एवं विनोद बापना ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि वर्तमान की आवश्यकता बन चुका है। एआई के बढ़ते उपयोग के कारण उद्योगों में कार्य करने के तौर-तरीके तेजी से बदल रहे हैं और इन परिवर्तनों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना समय की मांग है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और विश्व बैंक के सहयोग से संचालित एआई एवं डिजिटल कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके अनुसार उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही राज्य में एक मजबूत और टिकाऊ एआई प्रतिभा तंत्र विकसित किया जा सकता है।

विनोद बापना ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि उद्योगों को प्रशिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर ऐसे पाठ्यक्रम विकसित करने चाहिए, जो वास्तविक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप हों और युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने में सक्षम हों। उन्होंने कहा कि मांग आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था से रोजगार और कौशल के बीच की खाई को कम किया जा सकता है।

बैठक में डॉ. जे. गणेशन, अरुण शर्मा, कार्यक्रम की आयोजक जया अवस्थी सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और एआई आधारित रोजगार, डिजिटल कौशल तथा भविष्य की कार्यशक्ति तैयार करने से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

विनोद बापना ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से हरियाणा आने वाले वर्षों में देश का अग्रणी एआई एवं डिजिटल प्रतिभा केंद्र बनकर उभरेगा। इससे न केवल तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!