यातायात, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श
चंडीगढ़, 5 जून – हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में 8 से 10 जून तक आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) इंडिया रीजन के नॉर्थ जोन-2 सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को विभिन्न राज्यों के विधान मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन से संबंधित व्यवस्थाओं, प्रतिनिधियों के आगमन तथा विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में हरियाणा विधान सभा के सचिव राजीव प्रसाद तथा हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव ने भाग लिया। उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के संदेश को सभी विधान मंडलों तक पहुंचाया। इस दौरान लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार तथा राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में आंध्र प्रदेश विधान सभा के सचिव प्रसन्न कुमार, हिमाचल प्रदेश विधान सभा के सचिव यशपाल शर्मा, दिल्ली विधान सभा के सचिव रणजीत सिंह, पंजाब विधान सभा के सचिव राम लोक खटाना, जम्मू-कश्मीर विधान सभा के सचिव मनोज कुमार पंडित तथा पश्चिम बंगाल विधान सभा के प्रधान सचिव सौमेंद्र नाथ दास सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के आगमन, आवास, यातायात, प्रोटोकॉल, सुरक्षा तथा कार्यक्रम स्थलों पर की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों की सुविधा और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
हरियाणा विधान सभा सचिवालय की ओर से सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा रहा है। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की तरफ से सचिवों के माध्यम से कहा गया कि उनके पीठासीन अधिकारियों का कोई सुझाव या विशेष आवश्यकता की जानकारी भी विधान सभा सचिवालय को उपलब्ध करवाएं। सम्मेलन में बोलने वाले वक्ताओं के नाम भी विधान सभा सचिवालय ने मांगे हैं।








