मांगों के समाधान न होने पर 11 जून को पंचकूला कूच की चेतावनी
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारों के बीच वेतन और सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही हैं आंगनवाड़ी कर्मी
एफआईआर की धमकी वापस लेने और रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर गरजा आंगनवाड़ी आंदोलन
गुरुग्राम, 5 जून। आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन हरियाणा के आह्वान पर शुक्रवार को जिला उपप्रधान शारदा की अध्यक्षता में गुरुग्राम स्थित डीसी कार्यालय के समक्ष हजारों की संख्या में आंगनवाड़ी वर्करों एवं हेल्परों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रानी लांबा ने किया। इस अवसर पर राज्य सचिव जोगिंदर करोथा तथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेता सुशील शर्मा ने भी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
जिला सचिव रानी लांबा ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मचारियों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों का किराया पिछले 13 महीनों से बकाया है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय भी 11 महीनों से जारी नहीं हुआ है। इसके अलावा मोबाइल फोन रिचार्ज का भुगतान भी पिछले एक वर्ष से लंबित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना कार्य में जिन आंगनवाड़ी वर्करों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी जा रही है, जिसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में वर्कर और हेल्पर के अनेक पद रिक्त पड़े हैं, जिससे कार्यभार बढ़ रहा है। सरकार को इन पदों पर शीघ्र भर्ती करनी चाहिए।
रानी लांबा ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मचारियों की वर्दी का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी विभाग में कार्यरत लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं विधवा हैं, जिन्हें कई-कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो 11 जून को पंचकूला स्थित निदेशक कार्यालय के समक्ष बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 जून से पूरे हरियाणा में आंगनवाड़ी कर्मचारी ऑनलाइन कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं और सरकार के सकारात्मक रुख अपनाने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के उपरांत कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डीसी कार्यालय में सुपरिंटेंडेंट के माध्यम से सरकार को भेजा।
इस अवसर पर जिला उपप्रधान शारदा, फरुखनगर ब्लॉक प्रधान निशा, जिला सहसचिव उर्मिला, जिला सहसचिव पूनम सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी वर्कर एवं हेल्पर उपस्थित रहे।








