केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग; कुरुक्षेत्र में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान
करनाल। केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों, नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) व्यवस्था में सामने आई अनियमितताओं के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि 6 जून को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर भाजपा सरकार से युवाओं के भविष्य के साथ किए जा रहे कथित खिलवाड़ का जवाब मांगा जाएगा। इससे पहले 5 जून को पानीपत में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए निशित कटारिया ने कहा कि देश का युवा आज यह सवाल पूछने को मजबूर है कि मेहनत करे या फिर पेपर खरीदे। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं का विश्वास तोड़ा है और शिक्षा व्यवस्था की साख को गहरा आघात पहुंचाया है। उनके अनुसार केवल परीक्षा पत्र ही लीक नहीं हुए, बल्कि युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ भी खिलवाड़ हुआ है।
कटारिया ने कहा कि जिस व्यवस्था में परीक्षाएं सुरक्षित नहीं हैं, वहां युवाओं का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शामिल लाखों विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित होने की खबरें सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपियां मांगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में उत्तर पुस्तिकाओं के पन्ने गायब मिलने, अन्य छात्रों की कॉपियां दिखाई देने तथा मूल्यांकन में गंभीर त्रुटियों की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लाखों छात्र मूल्यांकन प्रक्रिया से असंतुष्ट हैं तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा।
कटारिया ने कहा कि कांग्रेस के विरोध के बाद सीबीएसई के शीर्ष अधिकारियों के तबादले किए गए, लेकिन इससे सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकती। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, ओएसएम व्यवस्था से प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच, नीट पेपर लीक प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजत लाठर ने कहा कि 6 जून का घेराव केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज को बुलंद करने का आंदोलन होगा। उन्होंने दावा किया कि करनाल सहित पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में युवा कुरुक्षेत्र पहुंचकर सरकार को जवाबदेह बनाने की मांग करेंगे।
इस अवसर पर रजत लाठर, अशोक डाबड़ा, मीत संधु, अंकित मान, राहुल घरौंडा, ललित गहलोत सहित युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









