आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के स्मारक के लिए जमीन और फसल खरीद की कानूनी गारंटी की मांग; गांव-गांव चलेगा तैयारी अभियान
चंडीगढ़, 14 नवंबर। संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा आगामी 26 नवंबर को बहादुरगढ़ से टिकरी बॉर्डर तक मार्च करेगा। मोर्चा ने दिल्ली किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों की याद में स्मारक बनाने के लिए जमीन देने, फसल खरीद की कानूनी गारंटी और अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए यह घोषणा की है। मार्च की तैयारियों को लेकर शनिवार सुबह राज्यस्तरीय ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें प्रदेशभर में गांव-गांव अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य महासचिव एवं संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुमित दलाल ने प्रेस बयान में बताया कि मार्च का निर्णय तीन नवंबर को नरवाना में हुई बैठक में लिया गया था। शनिवार की बैठक में इसके आयोजन और किसानों की भागीदारी बढ़ाने की योजना बनाई गई।
दलाल ने कहा कि 26 नवंबर को दिल्ली किसान आंदोलन की शुरुआत के छह वर्ष पूरे हो रहे हैं, लेकिन किसानों के कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और हरियाणा सरकार इन मांगों के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं।
उनके अनुसार, आंदोलन स्थगित किए जाने के समय केंद्र सरकार ने किसानों की मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन दिया था। उन्होंने फसल खरीद की कानूनी गारंटी, बिजली संबंधी कानून की वापसी तथा पराली संबंधी कानून के किसान विरोधी प्रावधान हटाने की मांग दोहराई।
दलाल ने बीज कानून, स्मार्ट मीटर योजना और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों से खेती की लागत बढ़ रही है, जबकि किसानों की आमदनी घट रही है और कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने किसान-मजदूरों को कर्ज से राहत देने की मांग करते हुए कहा कि लंबित मुद्दों की अनदेखी से किसानों में आक्रोश है।
टिकरी या सिंघु बॉर्डर पर स्मारक के लिए जमीन देने की मांग
मोर्चा नेताओं ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चले आंदोलन के दौरान लगभग 750 किसानों की जान गई थी। उनकी स्मृति में टिकरी या सिंघु बॉर्डर पर स्मारक बनाने के लिए सरकार से जमीन देने की मांग की गई थी, लेकिन इस पर भी कोई समाधान नहीं हुआ है।
नेताओं ने बताया कि 26 नवंबर को देशभर में प्रस्तावित प्रदर्शनों के साथ हरियाणा के किसान बहादुरगढ़ में एकत्र होकर टिकरी बॉर्डर तक मार्च करेंगे। उन्होंने सरकार से बातचीत के माध्यम से मांगों का समाधान करने की अपील की और चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन टिकैत, मांगे राम, उग्रहां और घासी राम नैन से जुड़े संगठनों के अलावा भारतीय किसान मजदूर यूनियन, किसान सभा हरियाणा, किसान सभा अजय भवन, किसान संघर्ष समिति, क्रांतिकारी किसान यूनियन, किसानी प्रतिष्ठा मंच, हरियाणा किसान मंच, एआईकेकेएमएस और किसान महासभा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।








