18 से 20 मई तक आयोजित होंगे योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम में व्यापक कार्यक्रम शुरू

गुरुग्राम। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिला गुरुग्राम में व्यापक स्तर पर योग संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से 18 मई से 20 मई तक तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, योग प्रशिक्षकों तथा युवाओं को कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के मार्गदर्शन तथा जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इन शिविरों में योग प्रशिक्षकों, पीटीआई, डीपीई, खेल विभाग, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होंगे, जिनमें योग अभ्यास, प्राणायाम, ध्यान एवं योग दिवस प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा।

जिले के विभिन्न ब्लॉकों में शिविरों के आयोजन के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। गुरुग्राम ब्लॉक में आयुष विंग पालम विहार, पटौदी ब्लॉक में राजकीय बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटौदी, सोहना ब्लॉक में राजकीय बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल भौंडसी तथा फरुखनगर ब्लॉक में राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल फरुखनगर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा मई और जून माह के दौरान योग जागरूकता यात्राएं, योग मैराथन, संगोष्ठियां और सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। जून माह में गांव-गांव तक योग जागरूकता यात्राएं निकालकर आमजन को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जिला एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा आमजन के लिए विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग मैराथन एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, योग संस्थान, पुलिस कर्मी, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी एवं स्काउट्स एंड गाइड्स की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

स्कूली विद्यार्थी हाथों में योग संबंधी स्लोगन और बैनर लेकर लोगों को स्वास्थ्य एवं योग के प्रति जागरूक करेंगे।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ जीवनशैली का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। नियमित योग अभ्यास न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़कर स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!