12वें दिन भी जारी रहा धरना, वेतन वृद्धि और लंबित मांगों को लेकर सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप
गुडग़ांव, 12 मई (अशोक)। नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम के सफाई कर्मचारी मंगलवार को लगातार 12वें दिन भी अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे रहे। पुराने कार्यालय के गेट पर कर्मचारियों का धरना प्रधान बसंत कुमार की अध्यक्षता में जारी रहा।
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं सुशीला देवी, महेश कुमार, सुरेश नोहरा, राजेश कुमार, सम्मी बोहत, ज्ञान चंद, कैलाश कुमार संगेलिया, सुरेंद्र बालगूहेर और भरत कांगड़ा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार फायर एवं सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2024 में जींद में महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपये तथा शहरी सफाई कर्मचारियों को 27 हजार रुपये वेतन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक वेतन वृद्धि लागू नहीं की गई।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनकी अन्य लंबित मांगें भी अब तक पूरी नहीं हुई हैं, जिसके चलते कर्मचारी मजबूर होकर हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। कर्मचारियों ने मांग की कि प्रदेश सरकार यूनियन प्रतिनिधियों से जल्द बातचीत कर फायर एवं पालिका कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समाधान करे।
इस दौरान सेंटर ट्रेड यूनियन काउंसिल और सीटू के नेताओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों को समर्थन दिया। श्रमिक नेताओं कामरेड सतबीर सिंह, सुरेश नोहरा, सतवीर, विमलेश देवी, सोनिया देवी, अनीता देवी, गब्बर सिंह, धर्मपाल और तेजपाल ने भी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनकी मांगों का समर्थन किया।








