नगर निगम और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल को किसान सभा का समर्थन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
चंडीगढ़, 12 मई 2026। अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा राज्य कमेटी ने प्रदेश में नगर निगमों, नगरपालिकाओं और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की जारी हड़ताल का पुरजोर समर्थन करते हुए सरकार से तत्काल कर्मचारी नेताओं के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान करने की अपील की है। किसान सभा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो उसे व्यापक जनआक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
किसान सभा हरियाणा राज्य कमेटी के नेता सरबत सिंह पूनिया ने कहा कि सरकार के कर्मचारी विरोधी रवैये के कारण नगरपालिका और नगर निगमों के सफाई कर्मचारी पिछले 12 दिनों से हड़ताल पर हैं, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी लगभग एक माह से आंदोलनरत हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी और अग्निशमन कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर शहरों को स्वच्छ रखने और आगजनी जैसी आपात स्थितियों में लोगों की सहायता करने का कार्य करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो न्यूनतम वेतन मिल रहा है और न ही स्थायी रोजगार की सुरक्षा।
पूनिया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा जींद की एक रैली में न्यूनतम वेतन देने की मांग स्वीकार किए जाने के बावजूद उसे लागू नहीं किया गया, जो सरकार के “दोगले चरित्र” को दर्शाता है। उन्होंने फरीदाबाद में आग बुझाने के दौरान जान गंवाने वाले अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें न तो शहीद का दर्जा दिया गया और न ही उचित मुआवजा।
किसान सभा ने मांग की कि सरकार तानाशाही रवैया छोड़कर कर्मचारी नेताओं से वार्ता करे और उनकी मांगों का जल्द समाधान निकाले। संगठन ने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो समाज के सभी वर्ग कर्मचारियों के समर्थन में एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
किसान सभा ने आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।









