31 मई तक चलेगा जनगणना का घर-घर सर्वे अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारी लगातार कर रहे फील्ड निरीक्षण*

*प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटा रहे आंकड़े, आमजन से सहयोग की अपील*

गुरुग्राम, 11 मई- जिले में जनगणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और सुव्यवस्थित ढंग से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में सभी चार्ज अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर घर-घर चल रहे सर्वे अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रगणकों से संवाद कर सर्वे कार्य से संबंधित जानकारी ली जा रही है और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। साथ ही कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जनगणना का कार्य तय समय सीमा के भीतर प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।

डीसी ने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ घर-घर सर्वे अभियान जिला भर में सुचारू रूप से चल रहा है और यह अभियान 31 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से निर्धारित प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र कर रहे हैं और उसे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, आवासीय सुविधाओं तथा सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों से जुड़े आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं और सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं, जिससे विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके।

डीसी ने बताया कि जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

डीसी उत्तम सिंह ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि जब भी जनगणना टीम उनके घर पहुंचे तो सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रगणक के पास अधिकृत पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध है, जिसे नागरिक स्कैन कर उसकी सत्यता की पुष्टि कर सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि संबंधित व्यक्ति जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकृत कर्मचारी है।

डीसी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है। इसके माध्यम से सरकार को विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है, जिसके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों की योजनाएं तैयार की जाती हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी जनगणना अवश्य करवाने की अपील की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!