मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत नांदेड़ साहिब की निःशुल्क यात्रा के लिए 13 तक होंगे आवेदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*15 मई को सिरसा से गुरुग्राम होकर रवाना होगी विशेष एसी ट्रेन, गुरुग्राम स्टेशन से होकर गुजरेगी ट्रेन*

*पंजीकरण के बाद डीआईपीआरओ कार्यालय में देनी होगी जानकारी*

गुरुग्राम, 11 मई। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र की निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। इस यात्रा के लिए इच्छुक पात्र नागरिक 13 मई 2026 तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

डीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 15 मई 2026 को सिरसा से गुरुग्राम होते हुए नांदेड़ के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के रहने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था हरियाणा सरकार द्वारा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। आवेदक का हरियाणा निवासी होना और परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा अन्य फोटो पहचान पत्र, स्वास्थ्य फिटनेस संबंधी स्व-घोषणा पत्र तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने संबंधी प्रमाण भी आवश्यक होगा।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि पात्र नागरिक सरल हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से भी पंजीकरण करवाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं को लघु सचिवालय, गुरुग्राम स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) कार्यालय में अपनी जानकारी उपलब्ध करवानी होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बुजुर्ग श्रद्धालु आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे। योजना “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर लागू की गई है, इसलिए इच्छुक नागरिक समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!