पंचकूला मेयर चुनाव: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सुधा भारद्वाज के नामांकन में भाजपा पर तीखा प्रहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बड़े नेताओं की मौजूदगी में एकजुटता का संदेश, 159 करोड़ के कथित घोटाले पर सरकार को घेरा

पंचकूला, 23 अप्रैल। पंचकूला नगर निगम के आगामी मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने मेयर प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज के नामांकन के दौरान जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपनी एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया। इस मौके पर पार्टी के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से खासा महत्वपूर्ण बना दिया।

नामांकन कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक एवं पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्रोई, विधायक अकरम खान, चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, पंचकूला जिला अध्यक्ष संजय चौहान, अंबाला कैंट जिला अध्यक्ष परमिंदर सिंह परी, यमुनानगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल गुर्जर और यमुनानगर शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सुधा भारद्वाज को समर्थन देते हुए जीत का आशीर्वाद दिया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और भाजपा का तथाकथित ‘डबल इंजन’ अब ‘डबल भ्रष्टाचार’ का प्रतीक बन गया है। नेताओं ने 159 करोड़ रुपये के कथित नगर निगम घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि सरकार की जानकारी के बिना कैसे निकाली जा सकती है।

कांग्रेस नेताओं का दावा था कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो घोटाले की राशि 500 से 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है और इसकी आंच उच्च स्तर तक जाएगी। सभा को संबोधित करते हुए सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सुधा भारद्वाज एक मजबूत और जमीनी उम्मीदवार हैं, जिन्हें स्थानीय जनता अच्छी तरह पहचानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की मांग पर ही उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए सैलजा ने कहा कि झूठ और भ्रम की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस वास्तविक रूप से महिलाओं को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने ही मेयर और अधिकांश पार्षदों के टिकट काटकर अप्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने पंचकूला के मतदाताओं से अपील की कि वे साफ-सुथरी और ईमानदार राजनीति के लिए कांग्रेस का समर्थन करें और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें