महिलाओं के अधिकारों की आवाज उठाने और वार्ड व गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
गुरुग्राम। महिला कांग्रेस की गुरुग्राम जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर सीमा हुड्डा कटारिया ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करेंगी। महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सीमा हुड्डा कटारिया ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व और सम्मान के साथ महिलाओं के अधिकारों, स्वाभिमान तथा सशक्तिकरण के लिए काम करने का अवसर है। वह पद की गरिमा और संगठन के अनुशासन को बनाए रखते हुए महिलाओं की आवाज बुलंद करेंगी।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास गुरुग्राम के प्रत्येक वार्ड, गांव और क्षेत्र की महिलाओं तक महिला कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाना होगा। महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, जरूरतमंद महिलाओं की सहायता करने तथा उनके सम्मान और अधिकारों के लिए काम किया जाएगा।
कटारिया ने कहा कि वह महिला कांग्रेस को महिलाओं की आवाज और उनके संघर्ष का मजबूत मंच बनाना चाहती हैं। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि एकजुटता और मेहनत के बल पर गुरुग्राम महिला कांग्रेस को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने गुरुग्राम शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डावर का भी विशेष आभार जताया। कटारिया ने कहा कि डावर ने उन्हें राजनीति और संगठन में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया है। उनके मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास से उन्हें काम करने की प्रेरणा मिली है।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यों से नेतृत्व के भरोसे को सार्थक करने का हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने अपनी नियुक्ति को वरिष्ठ नेताओं, शुभचिंतकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग का परिणाम बताया तथा सभी को साथ लेकर संगठन का विस्तार करने का संकल्प दोहराया।
कटारिया ने कहा, “मेरा संकल्प है—महिलाओं का सम्मान, महिलाओं का अधिकार और महिला कांग्रेस का विस्तार।”







