दो दिवसीय हड़ताल अवधि को अवकाश के रूप में नियमित करने का निर्णय : विक्रम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 एवं 23 अक्टूबर 2026 की हड़ताल में शामिल बिजली अधिकारियों, कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्ट वर्करों को मिलेगा लाभ

गुरुग्राम, 17 नवंबर 2026। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित राज्यव्यापी हड़ताल में भाग लेने वाले निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों एवं कॉन्ट्रैक्ट वर्करों की दो दिवसीय हड़ताल अवधि को नियमित करने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में निगम प्रशासन के अधीक्षण अभियंता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा, एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन तथा अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया था, जिसमें डीएचबीवीएन के अनेक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वर्करों ने भाग लिया था।

हरियाणा सरकार द्वारा मामले पर विचार करने के उपरांत हड़ताल के दोनों दिनों की अवधि को संबंधित कर्मचारियों एवं वर्करों के लिए नियमानुसार देय अवकाश के रूप में नियमित करने का निर्णय लिया गया है।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जुड़े प्रशासनिक और सेवा संबंधी मामलों के समयबद्ध समाधान तथा कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहे हैं। इस निर्णय से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा और अवकाश संबंधी रिकॉर्ड को नियमित करने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को आदेशानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतियां निगम के सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षक अभियंताओं, डीडीओ, एसडीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी एवं अनुपालन के लिए भेजी गई हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें